ट्रांसफार्मर और लाइन फॉल्ट से फसलें संकट में,अंजड़ ग्रिड पर ऊर्जा मंत्री का पुतला जलाकर जताया विरोध।

 बड़वानी-अंजड़ क्षेत्र में लगातार बिजली संकट और अनियमित कटौती से परेशान किसानों ने अंजड़ ग्रिड पर पहुंचकर ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया।किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि शासन के तय नियमों के बावजूद पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, जिससे फसलें प्रभावित हो रही है। किसानों ने बताया मप्र शासन के अनुसार शेड्यूल में दिन में 6 घंटे और रात में 4 घंटे बिजली आपूर्ति का नियम है लेकिन वास्तविकता में दिन में 4 घंटे व रात में 2 घंटे ही बिजली दी जा रही है। इससे सिंचाई कार्य
प्रभावित हो रहे हैं और खेतों में खड़ी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच रही हैं। किसानों ने मांग की कि कृषि फीडरों पर निर्वाध बिजली आपूर्ति की जाए। समय पर मेंटेनेंस कार्य नहीं होने से लाइन फॉल्ट हो रहे हैं। फॉल्ट होने पर कई-कई घंटों तक बिजली बंद रहती है, लेकिन सुधार कार्य में लापरवाही बरती जाती है। ज्ञापन में किसानों ने मांग की कि बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाए, खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए और लापरवाही बरतने वाले बिजली कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसानों ने बताया दवाना ग्रिड क्षेत्र को 11 केवी लाइन में फॉल्ट के कारण तीन दिनों तक बिजली बंद रही। इस दौरान किसान संघ जिलाध्यक्ष सहित अन्य किसान मौजूद रहे।