अशोकनगर जिला जेल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

अशोकनगर में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष सतीश चन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जिला जेल का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला न्यायाधीश सुनील कुमार, सचिव मनीष अनुरागी, जिला विधिक सहायता अधिकारी हेमंत कुशवाहा एवं लीगल एड डिफेंस काउंसल डिप्टी विष्णु नारायण बिरथरे भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के साथ-साथ बंदियों के साथ व्यक्तिगत साक्षात्कार एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

निरीक्षण के दौरान बंदियों से उनके अधिवक्ताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई और उन्हें सूचित किया गया कि यदि किसी बंदी के पास अधिवक्ता नहीं है, तो वह विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकता है। बंदियों को उनके अधिकारों और कानूनी सलाह, विधिक सहायता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

बंदियों को प्लीबार्गेनिंग योजना के संबंध में जानकारी दी गई, साथ ही उनके स्वास्थ्य, खान-पान और मामलों की स्थिति के बारे में भी चर्चा की गई। बंदियों से अपील की गई कि वे जेल को सुधार गृह के रूप में देखें और यहां रहने के दौरान आत्ममंथन और चिंतन करें। उन्हें हताशा और निराशा से दूर रहने की सलाह दी गई ताकि वे समाज में अच्छे नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।

निरीक्षण के दौरान जिला जेल की पाकशाला, लाइब्रेरी, वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष और जेल परिसर का भी निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जेल स्टाफ भी उपस्थित रहा।