ग्राम पंचायत अवल्दा के पुनर्वास स्थल पर पिछले एक सप्ताह से गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण,नर्मदा जल आपूर्ति की पाइपलाइन जगह-जगह से टूटने के कारण बसाहट में नही पहुंच रहा पानी
कलेक्टर कार्यालय में पहुंचकर ग्रामीणों की स्थाई समाधान की मांग ।
बड़वानी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत अवल्दा के पुनर्वास स्थल पर पिछले एक सप्ताह से गंभीर पेयजल संकट है। नर्मदा जल आपूर्ति की पाइपलाइन जगह-जगह से टूटने के कारण बसाहट में पानी नहीं पहुंच रहा। मंगलवार को सरपंच धर्मेंद्र मंडलोई के नेतृत्व में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय जनसुनवाई में पहुंचे और स्थाई समाधान की मांग की।
सरपंच धर्मेंद्र मंडलोई ने बताया कि पुनर्वास स्थल पर खोदे गए चार ट्यूबवेल में से एक भी चालू नहीं है। दो ट्यूबवेल का जलस्तर नीचे चला गया है, जबकि तीसरे से मोटर पंप के पाइप निकाल लिए गए हैं। चौथे ट्यूबवेल में बार-बार मोटर जलने से पानी नहीं मिल पा रहा है। लगभग 150 परिवार कुएं, खेतों और नदी से पानी ढोने को मजबूर हैं।
सरपंच ने यह भी बताया कि पुनर्वास स्थल अभी तक ग्राम पंचायत को हैंडओवर नहीं किया गया है। इसके बावजूद पंचायत अपनी जिम्मेदारी समझते हुए टैंकरों से पानी भिजवा रही है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि नर्मदा पाइपलाइन की मरम्मत के बिना संकट दूर नहीं होगा।
बसाहट स्थल पर पशुओं को पानी पिलाने के लिए एक भी होद नहीं है। भीषण गर्मी में मवेशियों के सामने भी पानी का गंभीर संकट है। सरपंच ने एनवीडीए विभाग से पशुओं के लिए होद निर्माण के आदेश देने की मांग की है, ताकि पशुधन को राहत मिल सके।
ग्रामीण लूली बाई ने बताया कि पानी की भारी समस्या है और उन्हें खेतों तथा कुएं से पानी लाना पड़ रहा है। उन्होंने शिकायत की कि सरपंच-सचिव को कई बार बताने पर भी उन्हें यही जवाब मिलता है कि बसाहट पंचायत को हैंडओवर नहीं हुई है। ग्रामीणों ने एनवीडीए विभाग से तत्काल नर्मदा पाइपलाइन दुरुस्त करने, बंद ट्यूबवेल चालू करने और पशुओं के लिए होद बनवाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे। इस संबंध में कलेक्टर ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Continue With Google