सिंगरौली
बैढ़न क्षेत्र में गहराया पेयजल संकट, जनपद सदस्य हर्षित सिंह ने प्रशासन से की त्वरित व्यवस्था की मांग
जिले के बैढ़न क्षेत्र में लगातार बढ़ते पेयजल संकट को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने भी आवाज उठानी शुरू कर दी है। जनपद सदस्य हर्षित सिंह (रिशु) ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर क्षेत्र की पंचायतों में उत्पन्न गंभीर जल संकट पर तत्काल ध्यान देने और जल्द समाधान कराने की मांग की है।
बताया गया है कि बैढ़न जनपद अंतर्गत रजमिलान, मथुरा, कछरा एवं बसौड़ा पंचायतों में कई हैंडपंप और सबमर्सिबल पंप खराब पड़े हुए हैं। भीषण गर्मी के बीच पेयजल व्यवस्था ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों में लोगों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों की समस्या और बढ़ गई है।
जनपद सदस्य हर्षित सिंह ने प्रशासन को भेजे पत्र में मांग की है कि प्रभावित पंचायतों में तत्काल पानी के टैंकर भेजे जाएं, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। साथ ही संबंधित पंचायतों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर खराब हैंडपंप और सबमर्सिबल पंपों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए।
उन्होंने कहा कि गर्मी के इस दौर में पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता की अनदेखी ग्रामीणों के लिए गंभीर संकट पैदा कर सकती है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और भी विकट हो सकती है।
इधर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जनपद सदस्य हर्षित सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द संज्ञान लेकर राहत कार्य शुरू करेगा। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब जनप्रतिनिधि द्वारा मामला उठाए जाने के बाद समाधान की उम्मीद जगी है
Continue With Google
Comments (0)