उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रविवार को सामने आए इस वीडियो में ताला-पारसी मार्ग के भद्राशिला पुलिया के पास सड़क पर बाघ बेफिक्र होकर टहलता नजर आया। यह दृश्य ऐसा था कि राहगीर, पर्यटक और जंगल सफारी में जा रही जिप्सियां दोनों ओर रुक गईं, जिससे कुछ देर के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बाघ सड़क पर दिखा, कई वाहन चालक सड़क किनारे रुक गए। दोपहिया वाहन चालकों ने तो बाघ के नजदीक जाने की भी कोशिश की। वीडियो में स्पष्ट दिखा कि जब बाघ पास आने लगा, तो बाइक सवार घबराकर अपने वाहन मोड़कर वहां से निकल गए। इस दौरान सफारी जिप्सियां भी सड़क पर खड़ी रहीं, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ताला-पारसी मार्ग पर इस प्रकार रुकना वन्यजीव सुरक्षा नियमों के विपरीत माना जाता है, खासकर ऐसे क्षेत्रों में जहां वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य है। नियमों की जानकारी होने के बावजूद जिप्सी चालकों और गाइड्स द्वारा वाहन रोकना गंभीर लापरवाही का उदाहरण है।
वीडियो के प्रसार के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि वीडियो की जांच कर संबंधित वाहन चालकों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित करती है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों से अपील है कि वे वन क्षेत्र में यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और नियमों का सख्ती से पालन करें।

Continue With Google
Comments (0)