बीना के विकास में भाजपा का अहम योगदान: पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह
बीना। पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने बीना के विकास का सम्पूर्ण श्रेय भाजपा सरकारों को दिया है। उन्होंने कहा कि बीना में रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल कांप्लेक्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भाजपा सरकार के प्रयासों का परिणाम हैं। श्री सिंह ने यह उद्गार पूर्व मंडल अध्यक्ष करोड़ी यादव के नए पारिवारिक प्रतिष्ठान जिम के शुभारंभ के अवसर पर व्यक्त किए।
अपने संबोधन में श्री सिंह ने बताया कि बीना नदी सिंचाई परियोजना का लाभ 139 गांवों तक पहुंच रहा है, जो भाजपा सरकार की देन है। इस परियोजना के माध्यम से 2023 से ही बांध में जल भराव शुरू हो गया था। उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना से और भी गांवों को जोड़ा जा सकता है।
श्री सिंह ने कहा कि बीना और खुरई का विकास समांतर रूप से हो रहा है। आने वाले पांच से दस सालों में यह दोनों नगर एक-दूसरे के करीब आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि बीना में रेलवे ओवर ब्रिज, रोड कनेक्टिविटी और बायपास का काम चल रहा है, जो दोनों नगरों के विकास की योजना को दर्शाता है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि खुरई सिविल अस्पताल में डायलेसिस सुविधाएं बढ़ाई गई हैं और बीना के मरीजों को भी फायदा पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बीना अस्पताल को सिविल अस्पताल घोषित किया गया है, जिससे सुविधाओं में वृद्धि होगी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर, श्री सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान 'एक वृक्ष मां के नाम' से जुड़कर वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता करोड़ी यादव की प्रशंसा करते हुए उनके नए प्रतिष्ठान के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस कार्यक्रम में महेश राय, पूर्व विधायक; गौरव सिरोठिया, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष; करोणीलाल यादव, श्रीमती अनुराधा प्रहलाद यादव, रमाकांत बिलैया, राजेन्द्र यादव, संतोष ठाकुर, लोकेन्द्र ठाकुर, अजय ठाकुर, श्रीमती लता सखवान, श्रीमती प्रीति नायक, वैभव दुबे, नवीन चंदेल और अन्य गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
श्री सिंह का खिमलासा और बीना में उपयोगी सामग्री और रोरी तिलक से भव्य स्वागत किया गया।
Continue With Google
Comments (0)