बैतूल: जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन की सुविधा एक बड़ी राहत है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए बैतूल सेवा समिति भोजनशाला में बुधवार को सेवानिवृत्त पटवारी कचरू देशमुख के 80वें जन्मदिन पर एक विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर मरीजों और उनके परिजनों को सम्मानपूर्वक भोजन परोसा गया।

सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक बाबूराव देशमुख ने इस मौके पर कहा, "अपनी खुशियों के मौके पर सेवा कार्य करने से आनंद दुगना हो जाता है।" कचरू देशमुख ने बताया कि वे अपने जन्मदिन और परिजनों के जन्मदिन, वर्षगांठ आदि पर ऐसे ही सेवा कार्य करने की परंपरा निभाते हैं।

समिति के प्रवीण दोशी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में धनपाल पारधे, मारोतीराव डोंगरे, सेवानिवृत्त पटवारी पूरनलाल मालवी, प्रदीप ठाकुर, प्रवीण देशपांडे आदि शामिल थे। सभी ने श्री देशमुख के इस उम्र में भी सेवा भाव और जज्बे की प्रशंसा की और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।