मध्य प्रदेश सेक्टर की वार्षिक ई-पत्रिका “प्रहरी – प्रवाह” का भव्य विमोचन

भोपाल, 27 मार्च 2026 - केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के मध्य प्रदेश सेक्टर कार्यालय में आज वार्षिक ई-पत्रिका “प्रहरी – प्रवाह” का भव्य विमोचन हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर सेक्टर प्रमुख श्रीमती नीतू डी0 भट्टाचार्य, महानिरीक्षक ने पत्रिका का अनावरण किया। समारोह में भोपाल स्टेशन पर बल के सभी कार्यालयों के प्रमुखों की उपस्थिति ने इस आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान देश की आंतरिक सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं और सौंपे गए दायित्वों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पूरा करते हैं। इस संदर्भ में, पत्रिका का विमोचन बल के रचनात्मक प्रयासों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

विमोचन समारोह के दौरान, श्रीमती नीतू डी0 भट्टाचार्य ने जवानों के रचनात्मक और सृजनात्मक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रिका का प्रकाशन राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में एक महत्वपूर्ण पहल है। रचनात्मक कार्यों से जवानों में तनाव दूर करने में भी मदद मिलती है।

पत्रिका के संपादक श्री संजीव रंजन, उप महानिरीक्षक ने जानकारी दी कि ई-पत्रिका के चौथे संस्करण में सेक्टर के अधीनस्थ कार्यालयों के अधिकारियों और जवानों के उपयोगी, ज्ञानवर्धक व मनोरंजक लेखों व रचनाओं को समाहित किया गया है।

इस अवसर पर श्री मुन्ना कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक ने राजभाषा हिंदी के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए और सभी से अधिक से अधिक कार्य राजभाषा हिंदी में करने का आह्वान किया।

विमोचन समारोह के उपरांत तिमाही हिंदी बैठक का आयोजन भी हुआ, जिसमें अनुभागवार कामकाज में हिंदी के प्रयोग की समीक्षा की गई। विभिन्न कार्यालयों के प्रमुखों की उपस्थिति ने इस आयोजन को सफल बनाया।