मुंगावली- प्रसिद्ध करीला माता धाम में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से भारतीय रेलवे ने बीना से गुना के मध्य विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और यात्रा के दौरान होने वाली असुविधाओं को देखते हुए केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस संबंध में विशेष अनुरोध किया था। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय ने त्वरित निर्णय लेते हुए 07 मार्च से 09 मार्च 2026 तक बीना–गुना के बीच मेला स्पेशल ट्रेन के संचालन को स्वीकृति प्रदान की है।
तीन दिनों तक संचालित होगी विशेष ट्रेन
रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह विशेष ट्रेन बीना से गुना (अशोकनगर मार्ग होते हुए) संचालित की जाएगी। संचालन तिथियाँ: 07 मार्च, 08 मार्च एवं 09 मार्च 2026 मार्ग: बीना – अशोकनगर – गुना प्रस्थान समय: बीना से दोपहर 1:00 बजे रहेगा। यह विशेष ट्रेन करीला मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाएगी।
हर वर्ष लाखों श्रद्धालु आते हैं करीला माता धाम
अपने पत्र में केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने उल्लेख किया था कि करीला माता धाम में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले में मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन को सुगम बनाने के लिए विशेष ट्रेन का संचालन अत्यंत आवश्यक था।
रेल मंत्रालय का जताया आभार
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी और वे अधिक सहजता से करीला माता के दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं को करीला मेले की शुभकामनाएँ भी दीं।
करीला मेले के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से बीना–गुना के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

Continue With Google
Comments (0)