बोरी थाना घेराव का ऐलान: आदिवासी महिला प्रकरण पर महेश पटेल ने न्याय के लिए आंदोलन का किया आह्वान
कल दोपहर 12 बजे बोरी पुलिस थाना का होगा घेराव, थाना प्रभारी को हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग

मुस्तकीम मुगल
 

आलीराजपुर। आलीराजपुर जिले की  थाना बोरी पुलिस क्षेत्र में आदिवासी महिला के साथ हुई कथित जघन्य घटना को लेकर आदिवासी विकास परिषद ने आंदोलन का ऐलान किया है। परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने कल दोपहर 12 बजे बोरी पुलिस थाना का घेराव करने का आह्वान किया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आदिवासी समाज से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

महेश पटेल ने कहा कि बोरी थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बोरी थाना प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि आदिवासी महिला के साथ हुई घटना अत्यंत गंभीर और संवेदनशील है। पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

महेश पटेल ने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

आदिवासी विकास परिषद ने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से कल दोपहर 12 बजे बोरी पुलिस थाना पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मुहिम में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की है।