विदिशा/ग्यारसपुर: क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक रहस्यमयी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस आसमान से अचानक खेत में आ गिरी। जमीन पर गिरते ही इस डिवाइस में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए। इस डिवाइस पर विदेशी देश 'मलेशिया' का नाम अंकित है, जिससे जासूसी या मौसम विज्ञान की गुत्थी उलझ गई है।
खेत में गिरा 'सफेद गोला', धमाके ने उड़ाई ग्रामीणों की नींद
घटना ग्यारसपुर के हैदरगढ़ अंतर्गत ग्राम जोधपुर क्षेत्र की है। शनिवार को किसान कन्हैया चौधरी और हर्षित विश्वकर्मा अपने खेत पर काम कर रहे थे, तभी उन्होंने आसमान से एक सफेद रंग की वस्तु को तेजी से नीचे आते देखा। यह डिवाइस एक बड़े गुब्बारे से बंधी हुई थी। जैसे ही यह उनके खेत की मेड़ पर गिरी, एक तेज धमाका हुआ।
धमाका इतना जोरदार था कि आसपास मौजूद किसान सहम गए। जब हिम्मत जुटाकर वे उस स्थान पर पहुंचे, तो वहां एक सफेद रंग की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पड़ी मिली।
डिवाइस पर 'मलेशिया' का नाम देख बढ़ी चिंता
घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब डिवाइस की बारीकी से जांच की, तो उस पर 'मलेशिया' (Malaysia) देश का नाम लिखा हुआ पाया गया। विदेशी उपकरण और धमाके की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर कुतूहल और डर का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस ने डिवाइस को लिया कब्जे में लेकर किया जांच शुरू
सूचना मिलते ही ग्यारसपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर रहस्यमयी डिवाइस को अपने कब्जे में ले लिया। शुरुआती जांच में इसे किसी देश का मौसम संबंधी डेटा इकट्ठा करने वाला 'वेदर बैलून' या सेंसर डिवाइस माना जा रहा है, लेकिन रिहायशी इलाके में धमाके के साथ गिरने से सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह डिवाइस कितनी दूर से उड़कर आई है और इसके अंदर मौजूद चिप या सेंसर का उद्देश्य क्या है।
ग्रामीणों का बयान: "हम खेत की मेड़ पर थे, तभी अचानक ऊपर से एक सफेद गुब्बारा जैसा कुछ गिरा। जमीन छूते ही उसमें जोर से पटाखा फूटने जैसी आवाज आई। पास जाकर देखा तो मशीन जैसा कुछ था जिस पर विदेशी भाषा और मलेशिया लिखा था। हम लोग डर गए और तुरंत सबको जानकारी दी।"

Continue With Google
Comments (0)