संकल्प से समाधान अभियान: बुधनी के अटल सामुदायिक भवन में क्लस्टर शिविर, नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने की अपील
बुधनी.......
मध्यप्रदेश शासन द्वारा नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत 16 मार्च 2026 को नगर परिषद बुधनी के नागरिक क्षेत्र के लिए क्लस्टर शिविर का आयोजन अटल सामुदायिक भवन, बुधनी में प्रातः 11:00 बजे से किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई। इस अभियान के अंतर्गत चिन्हित 106 योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुँच सके।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता मालवीय, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर अर्जुन मालवीय, पार्षद प्रभात भदौरिया, जितेश चौहान एवं धीरेंद्र तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष रघुवंशी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सोनाली राज, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि जनकल्याण शिविर का आयोजन 12 जनवरी 2026 से प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत 16 मार्च 2026 तक कुल 2297 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। यह शिविर 31 मार्च 2026 तक निरंतर संचालित रहेगा, जिसमें अभी भी पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुँचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

Continue With Google
Comments (0)