जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने त्योंथर के 5 धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। श्री गुर्जर ने उपार्जन केन्द्र मटियारा, चाकघाट कृषि उपज मण्डी, ढखरा नम्बर दो, अमिलिया, मांगी एवं रायपुर सोनौरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय एसडीएम त्योंथर पीएस त्रिपाठी तथा अन्य अधिकारी उनके साथ रहे। श्री गुर्जर ने खरीदी केन्द्र में किसानों से उपार्जन के संबंध में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। 
 
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गुर्जर ने धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए कहा कि किसानों से निर्धारित मात्रा में धान लें। खरीदी केन्द्र में पर्याप्त तौलकांटे की व्यवस्था करें जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। खरीदी केन्द्रों में छाया, पानी के साथ-साथ अलाव की भी व्यवस्था कराएं। समिति प्रबंधक तथा खरीदी केन्द्र प्रभारियों को निर्देश देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि किसानों से उपार्जित धान को व्यवस्थित स्टैगिंग कराकर रखें। उपार्जित धान का समय पर परिवहन कराकर सुरक्षित भण्डारण कराएं। धान लेते समय गुणवत्ता की निगरानी अवश्य करें। उपार्जित धान को गोदाम में पहुंचाकर स्वीकृति पत्रक जारी कराएं जिससे किसान को समय पर भुगतान हो सके।