छतरपुर में एक बार फिर निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के नर्मदा हॉस्पिटल में एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, महिला का बच्चादानी (यूटेरस) का तीसरी बार ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के कुछ समय बाद ही महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गुस्साए परिजन अस्पताल परिसर में इकट्ठा हो गए और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन सही तरीके से नहीं किया गया और इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई। इस मामले में अस्पताल के डॉक्टर डॉ. शोभित अहिरवार पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला कोतवाली थाना तक पहुंच गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि नर्मदा हॉस्पिटल पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है और इस तरह के मामलों की शिकायतें सामने आती रही हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।