मध्य प्रदेश शासन की योजना एवं सागर कलेक्टर संदीप जीआर के निर्देशानुसार शासकीय विद्यालयों में संचालित हेल्थ केयर एवं फिजिकल एजुकेशन कार्यक्रम के अंतर्गत सागर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया चिखली, तहसील केसली के छात्र-छात्राओं का औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया।

इस शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत छात्रों को सागर स्थित वैदिक इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एवं लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल का अवलोकन कराया गया। भ्रमण पर रवाना होने से पूर्व विद्यालय परिसर में पारंपरिक रोरी-तिलक कर एवं फूल भेंट कर छात्रों का उत्साहवर्धन किया गया। प्रभारी प्राचार्य भरत सिंह परिहार ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

व्यावसायिक शिक्षा के नोडल शिक्षक अरुण कुमार दुबे द्वारा छात्रों को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा चार शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई। भ्रमण के दौरान पृथ्वीराज सिंह यादव, नरेश यादव, कु. अंजली दांगी, डॉ. राहुल चौरसिया एवं डॉ. अरविंद कुमार यादव द्वारा छात्रों को सुरक्षित एवं अनुशासित तरीके से संस्थानों का भ्रमण कराया गया।

वैदिक इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में छात्रों को हेल्थ केयर से संबंधित विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं एवं रोगी देखभाल प्रणाली की जानकारी प्रदान की गई। यात्रा के दौरान छात्रों के लिए बस में नाश्ते की व्यवस्था की गई, जबकि वैदिक इंस्टीट्यूट में भोजन की समुचित व्यवस्था रही।

सीपीआर देने वाली छात्राओं को लक्ष्मीनारायण अस्पताल में सम्मानित किया गया । अस्पताल के डायरेक्टर
 डॉक्टर विकास पाराशर ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया एवं विद्यालय परिवार में अपना योगदान देने के लिए भी प्रेरित हुए। वे विद्यालय आकर बच्चों को सम्मानित करेंगे साथ ही औषधि गार्डन की फोटो देखकर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक साथियों की सराहना की।
सभी बच्चों को महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विद्यालय परिवार की सकारात्मक पहल को सराहा एवं सकारात्मकता का संदेश दिया।

इस औद्योगिक भ्रमण से छात्रों को हेल्थ केयर क्षेत्र की व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई, जिससे उनके करियर विकल्पों को दिशा मिलने की उम्मीद है।