राहतगढ़: जिले में अब मंदिर भी चोरों के निशाने पर आ गए हैं। हाल ही में राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ढकरई में अज्ञात चोरों ने राधा-कृष्ण राजमंदिर और हनुमान मंदिर के ताले तोड़कर भगवान की प्रतिमाओं से कीमती सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इस घटना से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।

मंदिर के पुजारी महेश चौबे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे दोनों मंदिरों में पूजा-पाठ करते हैं और मंदिर परिसर में ही निवास करते हैं। घटना सोमवार रात की है जब पूजा के बाद पुजारी सो गए थे।

मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गांव के मोहन पटेल दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे और देखा कि मंदिर के चैनल गेट का ताला टूटा हुआ है। मोहन के बताने पर पुजारी ने जाकर देखा तो पाया कि दोनों मंदिरों के चैनल गेट और राधा-कृष्ण मंदिर के गर्भगृह का ताला टूटा हुआ था।

जांच करने पर पता चला कि हनुमान जी का चांदी का मुकुट गायब है। वहीं, राधा-कृष्ण मंदिर से छह मूर्तियों के चांदी के मुकुट, बांसुरी, सोने की नथ, सोने की माला, और सोने के कान के कुंडल चोरी हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया, जो मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

लगातार मंदिरों में हो रही चोरियों से ग्रामीणों में गुस्सा बढ़ रहा है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है और इस मामले की गहन जांच कर रही है।