आगर मालवा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस आगर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर वाहन से 3 क्विंटल 21 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशि उपाध्याय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर वाहन में अवैध डोडाचूरा भरकर बीजनगरी-बड़ौद क्षेत्र से पंजाब की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर निपानिया बैजनाथ जोड़ क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका गया। प्रारंभिक जांच में वाहन खाली दिखाई दिया, लेकिन पुलिस को उसकी बनावट पर संदेह हुआ।

गहन जांच में पाया गया कि कंटेनर की बाहरी लंबाई लगभग 20 फीट जबकि अंदरूनी लंबाई करीब 16 फीट थी। इसके बाद तलाशी लेने पर कंटेनर के भीतर लोहे से बना एक गुप्त चैम्बर मिला, जिसे बेहद सुनियोजित तरीके से छिपाया गया था। चैम्बर को खोलने पर उसके अंदर भारी मात्रा में डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस द्वारा कराई गई तौल में कुल 3 क्विंटल 21 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा मिला। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 26 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, जब्त कंटेनर वाहन की कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है। कुल जब्त मशरुका का मूल्य लगभग 71 लाख रुपये है।

मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल हाड़ा पिता लालूराम हाड़ा निवासी आगर मालवा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली आगर में अपराध क्रमांक 313/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशि उपाध्याय, उपनिरीक्षक अजय जाट, कालूराम मंडोर, प्रधान आरक्षक सुनील पटेल, मानवेंद्र गुर्जर, गिरजा शंकर त्रिपाठी, बाबू बाबेरिया, आनंद पांडे, आरक्षक दीपक सोलंकी, अमन खान, परवेज खान एवं रवि दोहरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।