जबेरा, दमोह: दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर स्थित रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों में तेजी देखने को मिल रही है। मंगलवार को सिंगौरगढ़ रेंज की दानीताल बीट में एक तेंदुआ (गुलबाग) देखा गया, जो राहगीरों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
राहगीरों के अनुसार, तेंदुआ अचानक सड़क किनारे दिखाई दिया और थोड़ी देर तक सड़क के आसपास घूमता रहा, जिसके बाद वह जंगल की ओर चला गया। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत और कौतूहल दोनों देखने को मिले।
रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में हाल के दिनों में चीतल, सांभर, भालू और तेंदुए जैसे वन्यजीवों की गतिविधियों में वृद्धि हुई है। विशेषकर सिंग्रामपुर से भैंसाघाट के पहाड़ी क्षेत्रों में तेंदुआ कई बार देखा गया है। राहगीरों को अक्सर सड़क किनारे इन जंगली जानवरों से सामना होता रहता है।
दानीताल बीट प्रभारी विनोद कुमार दंडोतिया ने पुष्टि की है कि इस क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी है और उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वन्यजीवों की संख्या और गतिविधियाँ और बढ़ सकती हैं।
वन विभाग की अपील:
- हाईवे से गुजरते समय सतर्क रहें।
- रात के समय अनावश्यक रुकने से बचें।
- वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने या उनके नजदीक जाने का प्रयास न करें।
वन विभाग द्वारा जनता से अपील की गई है कि वे इन निर्देशों का पालन करें ताकि वन्यजीवों और मानव के बीच सामंजस्य बना रहे।
Continue With Google
Comments (0)