बैतूल: महिला योद्धाओं के अद्वितीय साहस और देशप्रेम को दर्शाने वाली हिंदी फिल्म 'आजाद भारत' की विशेष मांग बैतूल में उठाई जा रही है। जयपुर में इस फिल्म के विशेष प्रीमियर के बाद अब बैतूल के नागरिक चाहते हैं कि यह फिल्म यहां के सिनेमाघरों में जल्दी प्रदर्शित हो और इसे टैक्स फ्री घोषित किया जाए। ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस संगठन ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि इस फिल्म को बैतूल के सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाए।

अंश सेवा समिति बैतूल की अध्यक्ष सावी मालवी भी जयपुर में 'आजाद भारत' के विशेष प्रीमियर में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर फिल्म की निर्माता डॉ. दीपा नैयर को जय हिन्द सेवा सम्मान से नवाजा गया। सावी मालवी ने डॉ. नैयर के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह फिल्म हमारे देश के इतिहास के महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहलुओं को उजागर करती है।

यह फिल्म नेताजी सुभाष चंद्र बोस की अमर विरासत, रानी झांसी रेजिमेंट और कई गुमनाम वीर सेनानियों के अद्भुत साहस को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। सावी मालवी का मानना है कि इस तरह की राष्ट्रप्रेरक फिल्मों का छोटे शहरों तक पहुंचना जरूरी है, ताकि युवाओं और नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को प्रबल किया जा सके।

बैतूल के नागरिकों की यह मांग है कि प्रशासन इस फिल्म को टैक्स फ्री घोषित करे, जिससे यह फिल्म अधिक दर्शकों तक पहुंच सके और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित कर सके।