बंडा में ठंड से राहत के लिए अलाव जलाने की मांग, युवाओं ने सौंपा ज्ञापन

सागर/बंडा:  शीतलहर के बढ़ते प्रभाव ने नगरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से जागरूक युवाओं ने समाजसेवी दीपक दुबे के नेतृत्व में नगर परिषद पहुंचकर सीएमओ को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख है कि पिछले कई दिनों से बंडा नगर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे नगरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद का दायित्व बनता है कि नगर के प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए।

  • बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय
  • खाद्य वितरण केंद्र
  • कृषि उपज मंडी
  • सिविल अस्पताल परिसर
  • तहसील कार्यालय और जनपद पंचायत कार्यालय
  • नगर के मुख्य तिराहों और चौराहों

इन स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था से क्षेत्रवासियों को ठंड से निजात मिल सकेगी। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से पं. दीपक दुबे, जितेंद्र राय, गजेंद्र सिंह बूड़ाखेरा, रघुराज यादव, राहुल दुबे, शैलेश ठाकुर, रामकृष्ण चौरहा सहित अन्य युवा शामिल थे।

इस संबंध में नगर परिषद के सीएमओ आर. सी. अहिरवार ने कहा कि अभी तक उनके विभाग को अलाव जलाने के संबंध में कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। जैसे ही उन्हें निर्देश प्राप्त होंगे, वे अलाव की व्यवस्था करेंगे।

नगरवासियों को अब सीएमओ के निर्देशों का इंतजार है, जिससे ठंड से राहत मिल सके।