तीन वर्षों से लंबित दुकान आवंटन: बेरोजगारों ने कलेक्टर जनसुनवाई में उठाई आवाज
संवाददाता सतीष सेन सागर देवरी
देवरी (सागर): वर्षों से लंबित दुकान आवंटन समस्या को लेकर देवरी में मंगलवार को आयोजित कलेक्टर जनसुनवाई में भावुक दृश्य देखने को मिला, जब शिक्षित बेरोजगार दुकानदारों ने अपनी पीड़ा प्रशासन के समक्ष रखी।
आवेदकों ने बताया कि लगभग 30 वर्ष पूर्व, विधिवत नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से नगर पालिका की दुकानों को प्राप्त किया था और नियमित किराया जमा करते रहे। नगर पालिका ने नवीन भवन निर्माण के लिए उनसे दुकानें खाली करवाईं, यह वादा करते हुए कि छह माह के भीतर पुनः निर्मित दुकानों का आवंटन किया जाएगा।
हालांकि, आवेदकों के अनुसार, नया भवन लगभग दो वर्ष पूर्व बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन आज तक दुकानों का पुनः आवंटन नहीं हुआ। इस कारण दुकानदार पिछले तीन वर्षों से बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने आवेदन में बताया है कि व्यापार बंद होने से आर्थिक संकट गहरा गया है, कई लोग कर्ज में डूब गए हैं और परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
संदीप जी आर के नाम संबोधित इस आवेदन में नगर पालिका परिषद् देवरी को संबंधित पक्ष के रूप में उल्लेखित किया गया है। आवेदन पर संजय वर्मा, वीरेंद्र कुमार गुप्ता, सौरभ बृजपुरिया, संजय तिवारी, राजेंद्र जैन, ओमप्रकाश ठाकुर एवं राजकुमार सोनी सहित अन्य दुकानदारों ने हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की गई है।
दुकानदारों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि नगर पालिका को आवश्यक निर्देश जारी कर लंबित दुकान आवंटन की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त कर प्रकरण की जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी शीघ्रता से निर्णय लेकर प्रभावित दुकानदारों को राहत प्रदान करता है।

Continue With Google
Comments (0)