तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, 200 मीटर तक घसीटी बाइक
नंबर प्लेट निकालकर फरार हुआ चालक, दो युवक घायल
खुरई। खुरई के जगदीशपुरा बायपास चौराहा पर शनिवार को तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया और दुर्घटना को छिपाने के इरादे से कार की नंबर प्लेट निकालकर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जागेश्वर पिता रामकुमार अहिरवार (25), निवासी गर्मिरिया बुजुर्ग एवं ब्रजेश पिता गनेश अहिरवार (27), निवासी खुरई अपनी बाइक क्रमांक एमपी 15 जेडबी 0814 से बायपास मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान सागर से बीना की ओर जा रही एक अज्ञात कार के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक कार में फंस गई और कार चालक उसे काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और एम्बुलेंस को सूचना दी।
घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल खुरई पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जागेश्वर अहिरवार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया। ब्रजेश अहिरवार का उपचार सिविल अस्पताल में जारी है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी शुभम सिंह ने बताया कि कार बहुत तेज रफ्तार में थी और टक्कर के बाद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। कुछ दूरी पर जाकर उसने कार से उतरकर नंबर प्लेट निकाली और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार कार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
Continue With Google
Comments (0)