एसआईआर में गड़बड़ी की आशंका को लेकर दिया ज्ञापन
बुधनी 
एसआईआर सूची से जुड़े फार्म क्रमांक 07 के संकलन में संभावित गड़बड़ी को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बुधनी ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर रिटर्निंग ऑफिसर डी.एस. तोमर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने संपूर्ण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष योगेश सिंह राजपूत ने बताया कि फार्म 07 के संकलन के दौरान नियमों का पूरी तरह पालन नहीं हो रहा है, जिससे गलत नाम जोड़े जाने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि एक दिन में सीमित संख्या में ही फार्म स्वीकार किए जाएं तथा अंतिम दिनों में प्रत्येक बूथ पर जमा फार्मों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाए।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल से जुड़े कुछ लोग बीएलओ पर दबाव बनाकर नाम जुड़वाने का प्रयास कर रहे हैं, जो निर्वाचन नियमों के विपरीत है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि सभी बीएलओ को जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के अनुसार स्वतंत्र रूप से कार्य करना चाहिए और किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी से राजेंद्र यादव, संजय शर्मा, प्रमोद चौहान और हेमंत वर्मा उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने रिटर्निंग ऑफिसर से शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।