बुधनी में विराट हिंदू सम्मेलन की तैयारी चरम पर, घर-घर पहुंच रहा जनआह्वान
बुधनी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर सकल हिंदू समाज बुधनी के तत्वावधान में 12 जनवरी को नगर के दशहरा मैदान पर आयोजित होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन को लेकर पूरे नगर में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। सम्मेलन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए हिंदू समाज के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं।
कार्यकर्ता पीले चावल, भारत माता का कैलेंडर एवं सम्मेलन का आमंत्रण पत्र भेंट कर नागरिकों को सम्मेलन में सहभागी बनने का आग्रह कर रहे हैं। नगर के आम नागरिक भी इस जनआह्वान का हर्षोल्लास के साथ स्वागत करते हुए न केवल कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित रहने का आश्वासन दे रहे हैं, बल्कि स्वेच्छा से धन सहयोग कर आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान भी दे रहे हैं।
पिछले एक सप्ताह से कार्यकर्ता घंटा-शंख के नाद के साथ निरंतर जागरण करते हुए नगर के विभिन्न वार्डों में भ्रमण कर रहे हैं। वहीं, दो ऑटो वाहनों के माध्यम से भी सघन प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिससे पूरा नगर धर्ममय वातावरण से ओत-प्रोत हो गया है।
इसी क्रम में 11 जनवरी को नर्मदा बचाओ–पर्यावरण बचाओ आंदोलन के प्रणेता अवधूत दादा गुरु महाराज अपने हजारों श्रद्धालुओं के साथ पांचवीं बार नर्मदा परिक्रमा करते हुए बुधनी के दशहरा मैदान पहुंचेंगे। विशेष उल्लेखनीय है कि अवधूत दादा गुरु महाराज विगत पांच वर्षों से मात्र आधा गिलास नर्मदा जल का सेवन कर तपस्वी जीवन का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। उनके भव्य स्वागत को लेकर नगरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
आयोजकों द्वारा नगर एवं क्षेत्र की समस्त हिंदू जनता से अपील की गई है कि वे सपरिवार इस विराट हिंदू सम्मेलन में उपस्थित होकर धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराएं तथा आयोजन को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें।