बुधनी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में हिंदू समाज द्वारा विविध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधनी नगर में सकल हिंदू समाज के तत्वाधान में एक भव्य एवं ऐतिहासिक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार की सुबह नगर के हनुमान मंदिर से की गई, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात हनुमान मंदिर से एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कलश यात्रा में विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली। सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से यात्रा में सम्मिलित हुईं। वहीं आदिवासी समाज की महिलाओं ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य करते हुए यात्रा में सहभागिता निभाई, जो पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रही। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ निकली कलश यात्रा ने नगर में धार्मिक वातावरण बना दिया।

कलश यात्रा का समापन नगर के दशहरा मैदान पर किया गया, जहां विशाल हिंदू सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में जगत गुरु अजय पुरोहित जी महाराज उपस्थित रहे। उन्होंने अपने ओजस्वी संबोधन में हिंदू समाज की एकता, संस्कृति, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान मंच से कई संतों, विद्वानों एवं वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। देशभक्ति, सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता पर आधारित प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।

आयोजन के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे कार्यक्रम में नगर एवं क्षेत्र के नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

सकल हिंदू समाज के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।