नर्मदा बचाओ आंदोलन पर निकले अवधूत दादा गुरु का बुधनी नगर में भव्य स्वागत
बुधनी....नर्मदा बचाओ आंदोलन के संदेश के साथ अखंड नर्मदा परिक्रमा पर निकले महान संत अवधूत दादा गुरु महाराज का रविवार को बुधनी नगर में ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही अवधूत दादा गुरु महाराज बुधनी नगर सीमा में प्रवेश किए, श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर एवं जयघोष के साथ उनका भावपूर्ण अभिनंदन किया।
उल्लेखनीय है कि अवधूत दादा गुरु महाराज पिछले चार वर्षों से निरंतर निराहार रहते हुए केवल आधा गिलास नर्मदा जल का सेवन कर हजारों नर्मदा भक्तों के साथ मां नर्मदा की अखंड परिक्रमा कर रहे हैं। उनके आगमन पर नगर सीमा से लेकर दशहरा मैदान तक सड़क मार्ग पर फूल बिछाए गए, ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भजन-कीर्तन करते हुए श्रद्धालुओं ने उन्हें नगर भ्रमण कराया।
दशहरा मैदान में पहले से ही हजारों की संख्या में नर्मदा भक्त उपस्थित थे, जहां संत के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अवधूत दादा गुरु महाराज पिछले दो दिनों से बुधनी तहसील क्षेत्र में ही प्रवासरत थे, जहां विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं से भेंट कर उन्होंने नर्मदा संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके पश्चात संत अवधूत दादा गुरु महाराज अपनी अखंड नर्मदा परिक्रमा यात्रा को आगे बढ़ाते हुए बुधनी से प्रस्थान कर अब रायसेन जिले के बाड़ी क्षेत्र में पहुंच चुके हैं। उनके आगमन को लेकर नर्मदा भक्तों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।