वन विभाग की जमीन पर सड़क निर्माण, ठेकेदार को एक दिन का अल्टीमेटम
भास्कर बुधनी।
नगर के वार्ड क्रमांक 6 स्थित सिविल अस्पताल के पीछे वन विभाग की भूमि पर बिना अनुमति सड़क निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही मिक्सर मशीन, ट्रॉली एवं सीमेंट की बोरियों को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा वन विभाग की जमीन पर सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। जांच के दौरान जब वन विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदार से निर्माण की अनुमति से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह मौके पर कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। ठेकेदार का कहना है कि सीएमओ अभी नहीं है इसलिए दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं हो सके।
इस मामले में वन विभाग के रेंजर ने स्पष्ट किया कि जिस भूमि पर निर्माण कार्य किया जा रहा था, वह वन विभाग के अंतर्गत आती है। बिना विभागीय अनुमति के वहां किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नियमों के विरुद्ध है। रेंजर ने बताया कि ठेकेदार को एक दिन का समय दिया गया है, ताकि वह निर्माण से संबंधित वैध अनुमति के कागजात प्रस्तुत कर सके।
वन विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर ठेकेदार द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध प्रकरण (केस) पंजीबद्ध कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल निर्माण कार्य पूरी तरह से रोक दिया गया है और जब्त की गई मशीनरी व सामग्री वन विभाग की अभिरक्षा में रखी गई है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शासकीय एवं वन भूमि पर हो रहे अवैध निर्माणों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि सार्वजनिक और वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके
Continue With Google
Comments (0)