गंगा दशहरा पर निकली भव्य कलश यात्रा, जल संरक्षण का दिया संदेश

शहडोल, 26 मई 2026। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर शहडोल के आनंद ग्राम पंचायत पड़मनिया खुर्द में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत बड़का तालाब घाट पर स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान से हुई, जहां ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जल स्रोतों की साफ-सफाई कर जल संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद विधिवत जल स्रोत पूजन किया गया तथा गाजे-बाजे और धार्मिक उत्साह के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

इस अवसर पर आयोजित जल चौपाल में वक्ताओं ने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए लोगों से जल स्रोतों को सुरक्षित रखने और जल बचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने भाग लेकर जल संरक्षण के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

यह खबर State News द्वारा कवर की गई है।
रिपोर्टर: दीपेंद्र सिंह बघेल