हाईकोर्ट में बाबा साहब की प्रतिमा लगकर रहेगी – दामोदर सिंह यादव
बुधनी।
ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर दलित पिछड़ा समाज संगठन द्वारा निकाली गई संकल्प रैली 27 जनवरी को दीक्षाभूमि नागपुर से प्रारंभ हुई। यह रैली मुलताई, बैतूल, इटारसी, नर्मदापुरम होते हुए बुधनी पहुँची।
रैली का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आज़ाद समाज पार्टी की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य बहुजन नेता दामोदर सिंह यादव ने किया। बुधनी पहुँचने पर तहसील कार्यालय के समीप जिला अध्यक्ष विजय वर्मा के नेतृत्व में भीम आर्मी, आज़ाद समाज पार्टी एवं अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ रैली का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम देखते ही देखते आमसभा में परिवर्तित हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए दामोदर सिंह यादव ने दो टूक कहा कि “ग्वालियर हाईकोर्ट में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाकर रहेंगे।” उन्होंने तालपुरा क्षेत्र में रेलवे अधिग्रहण के दौरान दलित एवं आदिवासी परिवारों की बेदखली का मुद्दा उठाते हुए इसे गंभीर अन्याय बताया और कहा कि इस पूरे मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
कार्यक्रम में बहुजन समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष बृजेश बकोरिया, रेहटी तहसील अध्यक्ष धर्म सिंह गोयल, गोविंद सिंह कुशवाहा, कल्पेश चौहान, दीपक, अजय मेहरा, विजय मेहरा, सौरभ यादव, अनिल पवार, मुकेश धनवारे, सोमेश पवार, सुरेंद्र लुटारे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।