घोड़सार-वनसांती मार्ग निर्माण में देरी से ग्रामीण परेशान, बरसात में दलदल बनने की आशंका

त्यौंथर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत ऊंची औनी अंतर्गत घोड़सार से वनसांती बहेरा तक बनने वाली सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। भूमिपूजन के बाद मार्ग पर केवल मिट्टी डालकर काम रोक दिया गया है, जिससे पहले से मौजूद रास्ता भी खराब हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही सड़क पर कीचड़ फैल जाता है और आवागमन मुश्किल हो जाता है। यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो बरसात के दौरान मार्ग पूरी तरह दलदल में तब्दील हो जाएगा, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
युवा समाजसेवी आदर्श तिवारी तरहार ने क्षेत्रीय विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि मिट्टी डालने के बाद निर्माण कार्य में हो रही देरी समझ से परे है। उन्होंने विधायक से अनुरोध किया है कि संबंधित ठेकेदार को तत्काल निर्देशित कर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में ग्रामीणों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क निर्माण में तेजी लाई जाए, जिससे घोड़सार, वनसांती और बहेरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से निजात मिल सके।