दमोह/जबेरा: गणेश चतुर्थी और नववर्ष के शुभारंभ के उपलक्ष्य में गायत्री परिवार नोहटा की ओर से आयोजित राष्ट्र शौर्य समृद्धि 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ मंगलवार, 6 जनवरी को विशाल और भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन ने संपूर्ण क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा, संस्कार, और नवजागरण के संदेश से ओतप्रोत कर दिया।
कलश यात्रा का प्रारंभ हनुमान जी मंदिर से हुआ, जिसमें बैंड-बाजों की मधुर धुनों के साथ संतों की टोली ने नवजागरण का संदेश दिया। महंत भास्कराचार्य जी के नेतृत्व में क्षेत्र के संत-महात्माओं ने यात्रा की अगुवाई की। यात्रा नगर की प्रमुख बस्तियों का भ्रमण करते हुए जन-जन को यज्ञ में सहभागिता का आमंत्रण देती हुई उप तहसील परिसर स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंची।
इस अवसर पर दमोह के लोकप्रिय सांसद राहुल सिंह, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव पटेल, और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस भव्य कलश यात्रा में हजारों महिलाएं और बच्चियां पीत वस्त्र धारण कर मंगल गीत गाते हुए, अनुशासित और भक्तिमय वातावरण में चल रही थीं। यज्ञ स्थल पर पहुंचने के पश्चात सभी कलशधारी बहिनों की सामूहिक आरती धर्माचार्यों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा संपन्न कराई गई, जिससे वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और भक्ति भाव से गुंजायमान हो उठा।
शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे प्रतिनिधि श्री सुरेंद्र कुमार वर्मा ने अखंड दीप प्रज्वलित कर और माताजी के जन्म शताब्दी वर्ष का संदेश देते हुए इस सदी में नारी शक्ति की निर्णायक भूमिका को रेखांकित किया। उनके द्वारा प्रस्तुत हृदयस्पर्शी प्रज्ञा गीतों ने उपस्थित जनसमूह को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया।
पूरे आयोजन में जिले भर से आए सैकड़ों पीत वस्त्रधारी गायत्री परिजन, स्थानीय नागरिक और श्रद्धालुओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का सफल संचालन कुलदीप मिश्रा एवं दिनेश दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन भावसिंह लोधी द्वारा किया गया।
यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण और सामाजिक नवचेतना का महाअभियान बनकर नोहटा सहित पूरे क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है।
Continue With Google
Comments (0)