परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाते हुए छात्रों के बीच पहुंचे जयवर्धन सिंह

गुना। नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में मचे बवाल के बीच कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। अशोकनगर रोड स्थित होटल फलेशु राज में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

जयवर्धन सिंह ने इस मौके पर सीबीएसई के छात्र-छात्राओं, नीट परीक्षा से प्रभावित विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, कोचिंग संस्थानों और महाविद्यालयीन छात्रों से सीधे संवाद किया।

संवाद के दौरान जयवर्धन सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कोटा में देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली को लेकर व्यक्त किए गए विचारों और विशेष प्रेजेंटेशन को विद्यार्थियों के साथ साझा किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी, लगातार हो रहे पेपर लीक और विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं जैसे गंभीर मुद्दों पर छात्रों के साथ विस्तार से चर्चा की जानी चाहिए।

छात्रों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने स्पष्ट किया कि देश के युवाओं की कड़ी मेहनत और उनके माता-पिता के त्याग के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ या अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों की रक्षा और एक पारदर्शी व सुरक्षित परीक्षा प्रणाली की बहाली के लिए सड़कों से लेकर संसद तक पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ती रहेगी।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में बमौरी विधायक इंजीनियर ऋषि अग्रवाल, एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष फलेश सिसौदिया, शिवम रघुवंशी, रितेश रघुवंशी, सचिन, आयुष, आदित्य सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी छात्र और एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद रहे।