गुना पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण
सीसीटीवी तकनीक की मदद से 53 हजार नगद राशि सहित खोया हुआ पर्स सुरक्षित खोजकर फरियादी को लौटाया
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं उनकी सहायता हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाहियां कर रही है। इसी क्रम में, गुना पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता, तकनीकी दक्षता एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए 53,000 रुपये नगद राशि सहित खोया हुआ पर्स सुरक्षित खोजकर फरियादी को सुपुर्द किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 जून 2026 की रात्रि में फरियादी श्री अनंत रघुवंशी, निवासी लूसन का बगीचा, गुना, का 53,000 रुपये नगद एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों से भरा पर्स लाल परेड के समीप स्थित एटीएम के आसपास कहीं गिर गया था। फरियादी अनंत रघुवंशी अपने खोये हुए पर्स की तलाश में गुना पुलिस के सीसीटीव्ही कंट्रोल पहुंचे और पर्स गुम होने की जानकारी दी।
सीसीटीव्ही कंट्रोल प्रभारी निरीक्षक विकाश उपाध्याय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने स्टॉफ की मदद से तत्काल कार्यवाही प्रारंभ की। पुलिस की सीसीटीवी टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया गया। तकनीकी विश्लेषण एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप शीघ्र ही पर्स मिलने वाले व्यक्ति का पता लगा लिया गया और उससे संपर्क स्थापित कर 53,000 रुपये नगद राशि सहित पर्स सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
तत्पश्चात, पुलिस द्वारा आवश्यक सत्यापन एवं पहचान की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत पर्स उसके वास्तविक स्वामी श्री अनंत रघुवंशी को सुरक्षित सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ पर्स एवं पूरी नगद राशि सकुशल वापस प्राप्त होने पर फरियादी ने गुना पुलिस की त्वरित, ईमानदार एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
गुना पुलिस की यह कार्यवाही इस बात का प्रमाण है कि आधुनिक तकनीक, सतर्क पुलिसिंग एवं जनसेवा की भावना के समन्वय से नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है। यह सराहनीय पहल पुलिस के प्रति आमजन के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ जनहित एवं जनसेवा के प्रति गुना पुलिस की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती है। गुना पुलिस आमजन की सुरक्षा, सहायता एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर जनहित में कार्यरत है।
Continue With Google
Comments (0)