आदिवासी बाहुल्य खकनार तहसील क्षेत्र के हसीनाबाद गांव में सोमवार शाम भीषण आगजनी की घटना ने हड़कंप मचा दिया। तेज आंधी और तूफान के बीच लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पांच मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे तेज हवाओं के दौरान अचानक एक मकान में आग लगी, जिसके बाद हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के चार अन्य मकानों तक पहुंच गई। कुछ ही देर में पांचों मकान आग की लपटों में घिर गए। आगजनी की इस घटना में मकानों में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

इतना ही नहीं, आग की चपेट में आकर एक ट्रैक्टर, एक मोटरसाइकिल और एक रोटर भी पूरी तरह जल गए। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया।

हालांकि इस हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई। सभी परिवारों के सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा जनहानि का खतरा टल गया। आग से प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है। वहीं ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत और मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि पूरे गांव में इस घटना को लेकर चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है।