उमरिया में जीतू पटवारी का दौरा: भाजपा पर साधा निशाना, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शहडोल संभाग में अपने दौरे के दौरान उमरिया और पाली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पाली में आयोजित एक सभा में पटवारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में भाजपा सरकार प्रदेशवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में असफल रही है।
पटवारी ने प्रशासनिक व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस कार्रवाई का भय दिखाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में जिले के कलेक्टर भी दमनकारी रवैया अपना रहे हैं।
बीते दिनों मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बयान पर पलटवार करते हुए पटवारी ने कहा, "मोहन यादव जी भगवान का नाम लें, हम उनका स्वागत करते हैं, लेकिन सरकार तो चलाना है।"
पटवारी ने भाजपा नेता संजय पाठक पर आदिवासियों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
प्रदेश अध्यक्ष के दौरे से जिले की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।
Continue With Google
Comments (0)