अनूपपुर:  बनगवां नगर परिषद कार्यालय में आयोजित गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है। 25 दिसंबर 2025 को आयोजित इस कार्यक्रम में एक दैनिक समाचार पत्र के जिला ब्यूरो पत्रकार मुनेंद्र यादव के साथ नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा कथित तौर पर धक्का-मुक्की और धमकी देने का आरोप लगा है। पत्रकार ने इस संबंध में थाना रामनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

कार्यक्रम के बाद पत्रकार पर किया गया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरव दिवस कार्यक्रम के बाद पत्रकार यादव नगर परिषद कार्यालय में कार्यक्रम से जुड़े सवाल पूछने अध्यक्ष के कक्ष में पहुंचे थे। उस समय वहाँ वार्ड पार्षद भी मौजूद थे। आरोप है कि सवाल पूछे जाने पर नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह ने पत्रकार को यह कहते हुए रोक दिया कि उन्हें सवाल-जवाब करने का अधिकार नहीं है। इसके बाद अध्यक्ष ने कथित तौर पर पत्रकार को धमकाते हुए बाहर धक्का दे दिया।

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि कुछ देर बाद जब पत्रकार पुनः अंदर जाकर सवाल पूछने लगे, तो अध्यक्ष द्वारा दोबारा आकर जोरदार धक्का दिया गया, जिससे पत्रकार गिरते-गिरते बचे। पत्रकार का आरोप है कि इस दौरान अध्यक्ष ने यह भी कहा कि, “जो लिखना है लिखते रहो, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता,” जिससे उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है।

पत्रकारों के साथ अपमान का सिलसिला जारी

पत्रकार ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा इस प्रकार का व्यवहार पहले भी किया जा चुका है, जिसकी जानकारी पूर्व में भी थाने को दी गई थी। बार-बार इस तरह की घटनाओं से न केवल पत्रकार की गरिमा को ठेस पहुंचती है, बल्कि स्वतंत्र पत्रकारिता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

पत्रकार संगठनों की मांग: दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई

घटना के बाद पत्रकारों में आक्रोश देखा जा रहा है। पत्रकार संगठनों ने मामले को गंभीर बताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सार्वजनिक पदों पर बैठे लोग पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार करेंगे, तो यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के लिए खतरे की बात है।

फिलहाल थाना रामनगर पुलिस द्वारा शिकायत को संज्ञान में लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने जिले में प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा को तेज कर दिया है।