कान्हा टाइगर रिजर्व में ग्रीष्मकालीन गिद्ध गणना 2026 का शुभारंभ

 

मध्यप्रदेश शासन वन विभाग द्वारा आयोजित प्रदेशव्यापी गिद्ध गणना-2026 के अंतर्गत द्वितीय चरण में ग्रीष्मकालीन गिद्ध गणना का कार्य आज दिनांक 22/05/2026 से प्रारंभ हो गया है। इसी क्रम में कान्हा टाइगर रिज़र्व मंडला अंतर्गत कोर एवं बफर वनमंडल तथा फेन वाइल्डलाइफ सेंचुरी के समस्त 13 परिक्षेत्रों में तीन दिवसीय गिद्ध गणना का कार्य आज से आरंभ किया गया।

गिद्ध गणना के लिए समस्त परिक्षेत्रों की 182 बीटों में वन अमला प्रातः 5:30 बजे से ही वन क्षेत्र में गिद्धों की पहचान एवं गणना हेतु पूर्ण सजगता एवं गंभीरता के साथ जुट गया। गणना कार्य वैज्ञानिक पद्धति के अनुसार मोबाइल अप्लीकेशन औऱ डाटा शीट के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गिद्धों की वास्तविक संख्या एवं उनकी उपस्थिति का आकलन किया जा सके।

आज दिनांक को सम्पन्न गणना के दौरान कान्हा, किसली, मुक्की एवं सरही परिक्षेत्रों में भारतीय गिद्ध एवं सफेद पीठ वाले गिद्ध प्रजातियों के कुल 306 गिद्धों की गणना की गई है।

ग्रीष्मकालीन गिद्ध गणना का यह कार्य आगामी दो दिवस, दिनांक 24/05/2026 तक जारी रहेगा। इस गणना से क्षेत्र में गिद्धों की स्थिति, संरक्षण की आवश्यकता एवं उनके आवास संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी, जो भविष्य की संरक्षण रणनीतियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।