कृषि आदान विक्रेताओं की बैठक संपन्न, खरीफ सीजन हेतु दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
बुरहानपुर। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, जिला बुरहानपुर द्वारा विकासखंड खकनार में नेपानगर एवं खकनार क्षेत्र के समस्त कृषि आदान विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक उपसंचालक कृषि श्री एम.एस. देवके के निर्देशन में संपन्न हुई।
बैठक में आगामी खरीफ सीजन को दृष्टिगत रखते हुए कृषि आदान विक्रेताओं को किसानों को केवल उच्च गुणवत्ता युक्त बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही किसानों को विक्रय की गई सामग्री का पक्का बिल अनिवार्य रूप से प्रदान करने के निर्देश दिए गए, जिससे कृषि आदानों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक के दौरान ई-विकास पोर्टल एवं उर्वरक वितरण प्रणाली के माध्यम से उर्वरकों के वितरण संबंधी प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विक्रेताओं को बताया गया कि समस्त कृषि आदानों का विक्रय नियमानुसार किया जाए तथा सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखे जाएं।
उपसंचालक कृषि द्वारा स्पष्ट किया गया कि किसानों को बिना बिल के बीज, उर्वरक अथवा कीटनाशक सामग्री का विक्रय किए जाने अथवा अमानक कृषि आदानों के विक्रय की स्थिति में संबंधित विक्रेता के विरुद्ध बीज अधिनियम, 1966, कीटनाशक अधिनियम, 1968 एवं उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए संबंधित विक्रेता स्वयं जिम्मेदार होंगे।
बैठक में किसानों के हितों की सुरक्षा, गुणवत्तायुक्त कृषि आदानों की उपलब्धता तथा विभागीय निर्देशों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विक्रेताओं से किसानों को प्रमाणित एवं गुणवत्तायुक्त कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री प्रताप सिंह,  कृषि विस्तार अधिकारी श्री जे.एस. चौहान सहित नेपानगर एवं खकनार क्षेत्र के बड़ी संख्या में कृषि आदान विक्रेता उपस्थित रहे।