घर के छप्पर पर निकला जहरीला कोबरा, मां बच्चे को सुला रही थी तभी दिखा सांप 

सागर / छोटा करीला क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर में जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। गनीमत रही कि समय रहते सर्प विशेषज्ञ की मदद से बड़ा हादसा टल गया और परिवार ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4 बजे छोटा करीला निवासी रामकृष्ण पटेल के घर में महिला अपने छोटे बच्चे को कमरे में सुला रही थी। इसी दौरान घर की छत पर लगी सीमेंट की चद्दरों (छप्पर) के बीच एक सांप दिखाई दिया। सांप दिखते ही महिला तुरंत बच्चे को लेकर घर से बाहर निकल आई और परिजनों को जानकारी दी।

परिजनों ने सांप को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह वहीं छिपा रहा। इसके बाद तत्काल सर्प विशेषज्ञ बबलू पवार को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बबलू पवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सीमेंट की चद्दरें हटाकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

सर्प विशेषज्ञ बबलु पवार ने बताया कि पकड़ा गया सांप जहरीला कोबरा है, जिसकी लंबाई करीब 5 फीट और वजन लगभग 7 से 8 किलो है। सांप को सुरक्षित पकड़कर बाद में जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।

घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में कुछ देर तक दहशत का माहौल रहा, हालांकि समय पर रेस्क्यू होने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।