टीकमगढ़। शहर के अनंतपुरा स्थित शराब दुकान पर निर्धारित मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत वसूलने और खुले पैसे के बदले ग्राहकों को गुटखा थमाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय नागरिकों और ग्राहकों का कहना है कि लंबे समय से दुकान पर मनमानी तरीके से शराब बेची जा रही है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

ग्राहकों के अनुसार दुकान पर विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर एमआरपी से अधिक कीमत पर बेची जा रही है। आरोप है कि 140 रुपये एमआरपी वाली लेमाउंट बीयर 170 रुपये में, जबकि 75 रुपये एमआरपी वाला देसी शराब का पौव्वा 80 रुपये में बेचा जा रहा है। उनका कहना है कि कई उत्पादों पर 30 से 40 रुपये तक अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है।

ग्राहकों ने यह भी आरोप लगाया कि जब खुले पैसे वापस करने की बारी आती है तो नकद राशि लौटाने के बजाय जबरन गुटखा या अन्य सामान थमा दिया जाता है। यदि कोई ग्राहक शेष राशि नकद मांगता है तो कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी सामने आई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख क्षेत्र में स्थित इस दुकान पर कथित अनियमितताओं की जानकारी होने के बावजूद नियमित जांच और निगरानी का अभाव दिखाई देता है। उनका मानना है कि यदि आबकारी विभाग समय-समय पर निरीक्षण करे तो इस प्रकार की शिकायतों पर रोक लगाई जा सकती है।

नागरिकों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा शिकायतें सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलना उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है और इस पर प्रभावी अंकुश लगाया जाना चाहिए।