भोपाल | 11 जनवरी 2026: केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग पासवान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में युवा लोक जनशक्ति पार्टी की नयी प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई। भोजपुर क्लब में आयोजित इस समारोह में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री जय कुमार ठाकुर की विशेष उपस्थिति रही।
इस अवसर पर श्री यश तिवारी को युवा लोक जनशक्ति पार्टी, मध्य प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके साथ ही श्री अकबर भूखारी को प्रदेश उपाध्यक्ष, श्री विजय तिवारी को प्रदेश महासचिव और श्रीमती निशिता सिंह को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया।
दिल्ली से पधारे पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री जय कुमार ठाकुर ने अपने उद्बोधन में पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय श्री रामविलास पासवान की विचारधारा को आगे बढ़ाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देगी जो प्रदेश की तस्वीर बदलने की क्षमता रखते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष यश तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा लोक जनशक्ति पार्टी का मुख्य उद्देश्य मध्य प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने राज्य में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को एक सशक्त माध्यम के रूप में विकसित करने और गरीबों, महिलाओं और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, "यह संगठन केवल एक राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, हुनर और आत्मसम्मान की लड़ाई है।" उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार करेगी।
इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय युवाओं ने भी अपनी सहभागिता दर्ज की। पार्टी पदाधिकारियों ने अपने संगठनात्मक ढांचे, कार्यप्रणाली और आगामी जनहितकारी गतिविधियों को प्रेस के साथ साझा किया।
Continue With Google
Comments (0)