लोकायुक्त का शिकंजा: 20 हजार की रिश्वत लेते कार्यपालन यंत्री रंगे हाथ गिरफ्तार

कटनी। भ्रष्टाचार पर लोकायुक्त का डंडा एक बार फिर जोरदार तरीके से चला है। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने जल संसाधन विभाग कटनी में पदस्थ कार्यपालन यंत्री वी.एच. सिद्धीकी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। इस कार्रवाई से पूरे विभाग में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने एक काम कराने के एवज में शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की मांग की थी। सौदेबाजी के बाद 20 हजार रुपये की पहली किस्त लेते ही लोकायुक्त की 12 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। रिश्वत की रकम हाथ में आते ही टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

कार्राई के दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारी स्तब्ध रह गए। लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही दस्तावेजी कार्रवाई शुरू कर दी और रिश्वत की राशि जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सख्त कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोकायुक्त की लगातार कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों में भय का माहौल हैं ।