आगर मालवा। जिले के बड़ौद में गुरुवार को लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने एक पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राजकुमार चौहान, हल्का नंबर 08, ग्राम झलारा, तहसील बड़ौद, जिला आगर मालवा के रूप में हुई है।

शिकायतकर्ता किसान श्रीपाल सिंह परिहार (पिता श्याम सिंह), निवासी ग्राम झलारा, तहसील बड़ौद, जिला आगर ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, पटवारी ने भूमि सीमांकन करने के एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बताया गया कि 15 हजार रुपये रिश्वत लेने के बाद पटवारी ने सीमांकन का कार्य कर दिया, लेकिन सीमांकन रिपोर्ट देने के लिए अतिरिक्त 5 हजार रुपये की मांग की।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने कार्रवाई करते हुए पटवारी राजकुमार चौहान को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।