गुना के शास्त्री पार्क में युवाओं का जोरदार प्रदर्शन, सोनम वांगचुक की हड़ताल तोड़ने पर सरकार के रवैये की निंदा
गुना: शास्त्री पार्क में आज मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट के बैनर तले छात्रों और युवाओं ने जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की दिल्ली में हो रही हड़ताल के अलोकतांत्रिक तरीके से तोड़े जाने के विरोध में था।
आंदोलन के प्रमुख सदस्य मनोज रजक ने बताया कि पर्यावरणविद और शिक्षाविद सोनम वांगचुक, जो कि नीट प्रश्न पत्र लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर पिछले 21 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे, उन्हें पुलिस ने बलपूर्वक अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जन्तर मन्तर से प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट ने सरकार के इस अलोकतांत्रिक रवैये की कड़ी निंदा की है और पूरे देश के नौजवानों से इस घटना के खिलाफ प्रतिवाद का आह्वान किया है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, नौजवान और आम नागरिक शामिल हुए। अर्जुन, सारा, शुभम राव, विकास, अमन किरार, अलीशा, अजय राव आदि ने भी प्रदर्शन को संबोधित किया। यह प्रदर्शन आज शाम 7:30 बजे तक शास्त्री पार्क पर जारी रहेगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे इसमें शामिल होकर समर्थन दें।
आंदोलन की प्रमुख मांगे:
- सोनम वांगचुक की जबरन हड़ताल तुड़वाने की कार्यवाही के जिम्मेदार अधिकारियों पर दंडात्मक कार्यवाही हो।
- सरकार तुरंत सोनम वांगचुक से संवाद करे।
- पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार के दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाए।
- NTA को रद्द किया जाए।
- पेपर लीक पर रोक लगाई जाए और सरकार जवाबदेही सुनिश्चित करे।
- सभी विभागों में रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती की जाए।
- शांतिपूर्ण आंदोलनों पर पुलिस दमन बंद किया जाए।
- नीट सहित अन्य पेपर लीक के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
Continue With Google
Comments (0)