मंडला में टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर आयुष विभाग की कार्यशाला आयोजित

 

 टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयुष विभाग मंडला द्वारा जिले के समस्त चिकित्सा अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य टीबी उन्मूलन अभियान में सभी आयुष संस्थानों एवं विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

 कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीजे मोहंती एवं जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी द्वारा भारत सरकार के “टीबी मुक्त भारत अभियान-100 दिवस अभियान” की जानकारी देते हुए अभियान के उद्देश्यों और गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि आयुष विभाग स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य गतिविधियों का संचालन करेगा।

 कार्यशाला में टीबी नियंत्रण अभियान में सक्रिय भागीदारी, आईईसी सामग्री के माध्यम से जागरूकता, आयुष्मान आरोग्य शिविरों में स्क्रीनिंग कैंप, सोशल मीडिया के जरिए एंटी-टीबी संदेशों का प्रसार, निक्षय शपथ दिलाना तथा निक्षय मित्रों के पंजीयन जैसी गतिविधियों पर चर्चा की गई। साथ ही आयुष आधारित वेलनेस, योग, आयुर्वेदिक जीवनशैली को टीबी देखभाल से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

 जिला क्षय नियंत्रण कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने टीबी से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती, जिला आयुष अधिकारी डॉ. गायत्री आहाके, डाॅ.ऋचा धुर्वे,डॉ. शशिप्रभा कुशराम, श्री तेजसिंह तारम, डॉ. आशीष गोटिया, डॉ. प्रत्यूष हरमिट एवं डॉ. अनिल धुर्वे सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।