अमन और शांति के संदेश के साथ मंडला शहर में निकला फ्लैग मार्च

 मंडला शहर में अमन, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। शहर में सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाने और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।

मंडला शहर में पुलिस प्रशासन द्वारा निकाला गया यह फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च में पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा जवान बड़ी संख्या में शामिल रहे। शहर के व्यस्त बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का एहसास देखने को मिला।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि मंडला में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं आम नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और भाईचारे का माहौल बनाए रखने की अपील की गई।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही है।

शफीख खान सिटी कोतवाली थाना प्रभारी ने कहा कि मंडला शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला गया है। आमजन से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।”

 फिलहाल मंडला में पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से साफ है कि कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।