मंडला जिले में हुनर, संस्कृति और आत्मनिर्भरता का उत्सव बना “हुनर हाट 2026”

संवाददाता :- प्रशांत पटैल मंडला 

मंडला। जिले के कटरा में आयोजित हथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी “हुनर हाट 2026” का समापन समारोह भारतीय संस्कृति, ग्रामीण प्रतिभा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आया। समापन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश तथा मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने प्रदर्शनी में सहभागिता कर शिल्पकारों और बुनकरों की कला को सराहा।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया, जहाँ पारंपरिक हस्तकरघा वस्त्र, हस्तनिर्मित कलाकृतियाँ, आदिवासी कला, ग्रामीण उत्पाद एवं स्थानीय हस्तशिल्प अपनी अनूठी पहचान के साथ प्रदर्शित किए गए थे। प्रदर्शनी में सजी कलाकृतियाँ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और ग्रामीण सृजनशीलता की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत कर रही थीं।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “हुनर हाट” जैसे आयोजन स्थानीय कलाकारों, बुनकरों और कारीगरों को नया मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके हुनर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। यह आयोजन प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में प्रेरणादायी पहल है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान कर रहा है।

समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में लोक संस्कृति, परंपरा और स्वदेशी कला के प्रति लोगों का उत्साह देखने योग्य रहा।