*टाइगर हमलों की घटनाओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस मानपुर ने महामहिम राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन*
*प्रभावित परिवारों के लिए अतिरिक्त राहत और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग*

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा वन परिक्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों में हाल के दिनों में सामने आई मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मानपुर ने रविवार को महामहिम राज्यपाल, मध्य प्रदेश के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन वन विभाग के संयुक्त संचालक योहन कटारा को सौंपते हुए प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने तथा मृतकों के आश्रित परिवारों के लिए अतिरिक्त राहत पैकेज उपलब्ध कराने की मांग की गई।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उमाशंकर पटेल (एडवोकेट) एवं इंदवार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौरीशंकर मिश्रा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पनपथा वन परिक्षेत्र के कुंदरी एवं आसपास के गांवों में लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ज्ञापन में प्रशासन से मानव जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेषज्ञों की सलाह के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है। साथ ही प्रभावित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने, संवेदनशील क्षेत्रों में तार फेंसिंग तथा निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने और वन विभाग एवं ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की मांग भी की गई है।

इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष शारदा प्रसाद गौतम, महिला कांग्रेस की पूर्व जिला अध्यक्ष अनीता सिंह, मानपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तिलकराज सिंह, जिला उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश पटेल, युवा नेता विजय गौतम, जिला उपाध्यक्ष रामगोपाल दहिया, जिला सचिव रामकिंकर पाल, वरिष्ठ कांग्रेसी यज्ञ नारायण परोहा, जगजाहिर सिंह, सुदामा सेन, भोला पटेल, अशोक पटेल, रामप्रकाश पटेल, ऋतिक प्यासी, अनिल जायसवाल, प्रकाश द्विवेदी, श्याम कल्याण कुशवाह, माखन बैगा, सुबोध कुमार पटेल, रमाकांत पटेल, भोला सिंह, पवन सिंह, रामनारायण सिंह, पंकज धुर्वे, उदय बैगा, रामशरण कुशवाहा, राजेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अपेक्षा जताई कि क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए शासन एवं वन विभाग द्वारा शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके और ग्रामीणों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो।