खाद गोदाम में किसानों को मूलभूत सुविधाओं का अभाव, शीतल जल और शेड की मांग तेज

 

मानपुर। मध्य प्रदेश राज्य विपणन संघ भंडारण केंद्र मानपुर में खाद लेने आने वाले किसानों को इन दिनों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गोदाम परिसर में न तो पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है और न ही किसानों के बैठने के लिए छायादार शेड एवं कुर्सियों की सुविधा उपलब्ध है।

जानकारी के अनुसार, लंबे समय से यहां पदस्थ रहे गोदाम प्रभारियों द्वारा शासन-प्रशासन से किसानों के लिए एक हैंडपंप तथा प्रतीक्षा के दौरान बैठने हेतु शेड और कुर्सियों की व्यवस्था कराने की मांग की जाती रही है, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।

वर्तमान में धान फसल की तैयारी को लेकर खाद की मांग बढ़ रही है। ऐसे में क्षेत्र के किसान टोकन पर्ची कटाने और खाद प्राप्त करने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी और आने वाले उमस भरे मौसम में किसानों की परेशानी और बढ़ने की आशंका है।

किसानों का कहना है कि देश के अन्नदाताओं के लिए कम से कम शीतल पेयजल और छायादार शेड जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। किसानों ने जिले के नवागत कलेक्टर से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देते हुए शीघ्र आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

किसानों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाएं नहीं की गईं तो खाद वितरण के दौरान सैकड़ों किसानों को तपती धूप में घंटों इंतजार करना पड़ेगा। किसानों ने उम्मीद जताई है कि नवागत कलेक्टर इस समस्या का संज्ञान लेकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेंगे।

अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि अन्नदाताओं की इस जायज मांग पर कब तक अमल होता है।