आलोट। पत्रकार समाज का आईना होता है तथा समाज के नव निर्माण में मीडिया की अहम भूमिका होती है। प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना गया है और यही वह माध्यम है जो शासन, प्रशासन एवं जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। यह बात शुक्रवार को अंबेडकर मांगलिक भवन में मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ, तहसील इकाई आलोट द्वारा आयोजित पत्रकार परिचय-पत्र वितरण समारोह एवं सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तहसीलदार पंकज पवैया ने कही।

उन्होंने कहा कि पत्रकार और प्रशासन एक ही गाड़ी के दो पहिए हैं। जहां तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता प्रमाणिकता का वातावरण निर्मित करती है, वहीं प्रशासन उसी प्रमाणिकता के आधार पर समाज एवं क्षेत्र के विकास के नए आयाम स्थापित करता है। उन्होंने स्वच्छता एवं जन-जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नगर में निरंतर सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। जनगणना एवं अन्य शासकीय कार्यों की व्यस्तता के कारण इसकी गति कुछ समय के लिए धीमी हुई है, लेकिन शीघ्र ही जनसहयोग से इसे पुनः गति प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संघ के संभाग अध्यक्ष प्रीतिपाल सिंह राणा ने कहा कि मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ प्रदेश का ऐसा संगठन है जो भारतीय श्रम अधिनियम के तहत पंजीकृत होकर पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ रहा है। पत्रकार बीमा योजना, अधिमान्यता, पेंशन सहित कई मांगों को पूरा करवाने में संगठन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा वर्तमान में पत्रकार सुरक्षा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग को लेकर सतत आंदोलनरत है।

सम्मेलन में उपस्थित आलोट प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ. सुनील चोपड़ा ने कहा कि आलोट क्षेत्र के पत्रकार आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ सकारात्मक पत्रकारिता कर रहे हैं। उन्होंने श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा पत्रकार हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए पदाधिकारियों को बधाई दी।

जिलाध्यक्ष राजेश जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश में श्रमजीवी पत्रकार संघ पिछले चार दशकों से पत्रकारों के अधिकारों के लिए संघर्षरत है और प्रदेश के सभी जिलों में संगठन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने आगामी 29 जून को रतलाम में आयोजित होने वाले संभागीय सम्मेलन की जानकारी देते हुए सभी पत्रकारों को उसमें सहभागी बनने का आमंत्रण दिया।

आलोट थाना प्रभारी के प्रतिनिधि के रूप में मनोज पाटीदार ने प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मीडिया के माध्यम से प्रशासन तक सूचनाएं पहुंचाना तथा शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना अधिक प्रभावी एवं सरल होता है। उन्होंने पत्रकारों से क्षेत्र की समस्याओं एवं सकारात्मक गतिविधियों की जानकारी समय-समय पर प्रशासन तक पहुंचाने का आग्रह किया, जिससे जनहित में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर भी कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजन स्थल पर पहुंचीं और उपस्थित पत्रकारों से रूबरू होकर चर्चा की। उन्होंने मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की कार्यशैली को समझा तथा पत्रकारों से संवाद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर संघ के तहसील अध्यक्ष दुर्गा शंकर पहाड़िया, महासचिव जीतू वरोला एवं पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। समारोह में पत्रकारों को संगठन के परिचय-पत्र वितरित किए गए तथा पत्रकार सुरक्षा कानून, मीडिया-प्रशासन समन्वय, संगठन की मजबूती एवं आगामी संभागीय सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर संभागीय महासचिव विजय मीणा, जिला महासचिव दिनेश दवे, संभागीय सह सचिव योगेंद्र सिंह जाट, राकेश चौहान (पिंटू), विनय निगम, अनिल भरावा, दिनेश शुक्ला, वैभव मंदलीय, सुनील दत्तीया (मंडावल ), कमलेश शर्मा मेलुखेड़ी ,दिनेश त्रिवेदी,नागेंद्र सिंह सोलंकी, दीपक जोशी, राजू टेलर, समरथ शर्मा, कपिल जंगलवा, वाहिद खान पठान (ताल), धर्मेंद्र भट्ट (ताल) पवन सोनी, दिनेश विश्वकर्मा (नागेश्वर उन्हेल )अतुल वर्मा, ओपेंद्र पुरोहित तथा आलोट प्रेस क्लब सचिव निलेश जंगलवा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का संचालन राकेश चौहान (पिंटू) ने किया। अंत में तहसील अध्यक्ष दुर्गा शंकर पहाड़िया ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।